बारिश में गिरे गरीबों के आशियाने, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवार
आवास के पात्र होने का दावा, वर्षों से योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप; लेखपाल ने आपदा राहत के लिए रिपोर्ट भेजी
पुरवा, उन्नाव। लगातार हो रही बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुरवा विकासखंड की ग्राम पंचायत तारागढ़ी में बारिश के चलते दो कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। गनीमत रही कि मकान गिरने के समय परिवार के सदस्य बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवारों के सामने सिर छिपाने की समस्या खड़ी हो गई है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
![]() |
| तारागढ़ी गांव में बारिश के बाद क्षतिग्रस्त कच्चा मकान और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर पीड़ित परिवार। |
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की रानी सिंह पत्नी राजू सिंह और बबीता देवी पत्नी छेदीलाल लंबे समय से कच्चे मकान और छप्पर के सहारे अपने परिवार का जीवन यापन कर रही हैं। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे आवास योजना के लिए पात्र हैं, लेकिन अभी तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका।
बारिश ने छीन लिया सिर छिपाने का सहारा
पीड़िता रानी सिंह का कहना है कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और वह वर्षों से कच्चे मकान में रह रही थीं। लगातार बारिश के बीच मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। वहीं बबीता देवी का आरोप है कि वह कई वर्षों से आवास के लिए अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अभी तक उन्हें आवास का लाभ नहीं मिला।
पीड़ित परिवारों के मुताबिक, पिछले करीब पांच वर्षों से उन्हें आवास दिलाने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन बारिश ने उनके कच्चे मकानों को भी नहीं छोड़ा। अब परिवार छप्पर और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
लेखपाल ने भेजी आपदा राहत की रिपोर्ट
मामले में ग्राम विकास अधिकारी आकाश वर्मा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व में सर्वे हुआ है और परिवार आवास के लिए पात्र है तो नियमानुसार आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। यदि सर्वे नहीं हुआ है तो जल्द सर्वे कराकर पात्रता के आधार पर योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं राजस्व लेखपाल सत्येंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बारिश से गिरे मकानों का सर्वे करने के लिए वह गांव गए थे। उन्होंने बताया कि आपदा राहत के तहत सहायता उपलब्ध कराने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है और नियमानुसार जल्द पीड़ित परिवारों को मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
अब मदद का इंतजार
मकान गिरने के बाद दोनों परिवारों की निगाहें अब प्रशासन की ओर हैं। पीड़ित परिवारों को उम्मीद है कि सर्वे के बाद उन्हें तत्काल आपदा राहत के साथ-साथ पात्रता के आधार पर आवास योजना का लाभ भी मिलेगा, ताकि बारिश के मौसम में उन्हें खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी से राहत मिल सके।
रिपोर्ट -जनक कुमार सिंह


