उन्नाव। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने भगवंत नगर विधानसभा क्षेत्र में धान एवं गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर आवाज उठाई है। संगठन के प्रदेश महासचिव डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह राजू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भगवंत नगर विधायक आशुतोष शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर भगवंत नगर में धान-गेहूं क्रय केंद्र को पुनः संचालित कराने तथा पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी कृषि उत्पादन उपमंडी बीघापुर को दोबारा शुरू कराने की मांग की।
विधायक ने डीएम से फोन पर की बात
ज्ञापन मिलने के बाद विधायक आशुतोष शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी उन्नाव से टेलीफोन पर बातचीत की। किसान संगठन के अनुसार, बातचीत में जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर भगवंत नगर और बीघापुर उपमंडी में धान खरीद केंद्र स्थापित कर चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
मंडी दूर होने से किसानों को हो रही थी परेशानी
भारतीय किसान क्रांति यूनियन के प्रदेश महासचिव डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह राजू ने बताया कि भगवंत नगर का क्रय केंद्र मंडी पुरवा से अटैच किए जाने के कारण क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर जाना पड़ रहा था। इससे किसानों को समय और परिवहन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही थी।
संगठन ने मांग की कि भगवंत नगर में पूर्व की तरह क्रय केंद्र संचालित किया जाए और बीघापुर की बंद पड़ी उपमंडी को भी तत्काल शुरू कर वहां धान खरीद के लिए कांटा लगाया जाए। किसान संगठन का कहना है कि यदि दोनों स्थानों पर खरीद केंद्र शुरू होते हैं तो भगवंत नगर और बीघापुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों को अपनी धान की उपज बेचने में सुविधा मिलेगी और उन्हें दूर स्थित केंद्रों तक जाने से राहत मिलेगी।
किसान संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिला संरक्षक ओंमकार नाथ शुक्ला, ज्ञान सिंह जिला अध्यक्ष, मजदूर मोर्चा जिला अध्यक्ष शंभू सिंह, उन्नाव किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मुकेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी फुन्नी त्रिपाठी समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- राकेश कुमार तिवारी


