आगरा एक्सप्रेस-वे अंडरपास पर खाद्य विभाग की छापेमारी, खोया लदे पिकअप से लिया नमूना
लखनऊ जा रहा था भारी मात्रा में खोया, जांच रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
मोहान/हसनगंज, उन्नाव। त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के काशीराम खेड़ा गांव के पास आगरा एक्सप्रेस-वे अंडरपास पर विभागीय टीम ने खोया लदे एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की। वाहन में भारी मात्रा में खोया लखनऊ ले जाया जा रहा था।
जिला सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर खोया का नमूना लेकर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
जिला सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खोया की गुणवत्ता के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, खोया ले जा रहे व्यापारियों ने मिलावट के आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि वे किसानों से दूध खरीदकर खोया तैयार करते हैं और प्रतिदिन लखनऊ की मंडी में बिक्री के लिए ले जाते हैं। व्यापारियों के मुताबिक, खोया में किसी प्रकार की मिलावट नहीं की गई है।
अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब नमूने की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही खोया की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



