मिर्री चौराहे पर जाम और अतिक्रमण से हाहाकार, व्यापार मंडल ने उठाई आवाज; एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पुरवा, उन्नाव। मिर्री चौराहे पर रोजाना लगने वाला जाम, सड़क किनारे अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े ई-रिक्शे स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। बिगड़ती यातायात व्यवस्था से परेशान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि मिर्री चौराहा, पाटन रोड और गुरुदेव आश्रम के पास फल-सब्जी के ठेले तथा अस्थायी दुकानों के कारण सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। वहीं, चौराहे पर ई-रिक्शों के बेतरतीब खड़े होने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
ई-रिक्शों के लिए निर्धारित हो स्टैंड
व्यापार मंडल ने मांग की कि मिर्री चौराहे, पाटन रोड और गुरुदेव आश्रम के आसपास सड़क पर बाधा बन रहे अस्थायी अतिक्रमण को हटाया जाए। ई-रिक्शा चालकों के लिए निर्धारित स्थान पर स्टैंड बनाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।
व्यापार प्रभावित, स्कूली बच्चों को भी परेशानी
व्यापारियों का कहना है कि जाम की समस्या से स्थानीय कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं, स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। व्यापार मंडल ने जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क को स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
एसडीएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा
ज्ञापन के माध्यम से व्यापार मंडल ने प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान कराने की अपील की। इस पर उपजिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
जनक कुमार सिंह, संवाददाता ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र


