नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के जागरण में उमड़ा भक्तों का सैलाब, भजनों और झांकियों ने मोहा मन
विधायक आशुतोष शुक्ल ने मां दुर्गा की आरती कर लिया आशीर्वाद, चौरसिया नगर संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण का दिया आश्वासन
पुरवा, उन्नाव। नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा की भक्ति और जयकारों से चौरसिया नगर का माहौल भक्तिमय हो उठा। स्थानीय विकासखंड के ग्राम बेहटा भवानी के मजरा चौरसिया नगर स्थित भोले बाबा मंदिर परिसर में भव्य मां दुर्गा जागरण का आयोजन किया गया। पिंटू जागरण पार्टी के कलाकारों ने भक्तिमय भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं छोटू नटखट झांकी ग्रुप की आकर्षक झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक आशुतोष शुक्ल शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह, भारतीय चौरसिया महासभा के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिलाध्यक्ष शिवम चौऋषि तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी रत्नम चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक आशुतोष शुक्ल ने मां दुर्गा की आरती कर विधिवत पूजन किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण का मिला आश्वासन
जागरण के दौरान विधायक आशुतोष शुक्ल ने अपने संबोधन में ग्रामीणों को चौरसिया नगर आने वाले संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण का आश्वासन दिया। इससे स्थानीय लोगों में मार्ग की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी। वहीं, भारतीय चौरसिया महासभा के जिलाध्यक्ष शिवम चौऋषि ने बक्सर स्थित चौरसिया धर्मशाला के निर्माण का अनुरोध विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने इस मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए सकारात्मक रुख जताया।
भजनों और झांकियों ने बांधा समां
पिंटू जागरण पार्टी के कलाकारों ने मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। दूसरी ओर, छोटू नटखट झांकी ग्रुप की आकर्षक धार्मिक झांकियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा परिसर मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा।
अतिथियों का माल्यार्पण कर किया स्वागत
कार्यक्रम के आयोजक कमेटी के पदाधिकारियों शैलेश चौरसिया, ललितेश चौरसिया और लवकुश चौरसिया सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान योगेश पाण्डेय, पूर्व ग्राम प्रधानपति दिनेश चौरसिया, रमेश चौरसिया, राजीव चौरसिया, सुरेश प्रजापति, सत्यम मिश्रा, कार्तिकेय दीक्षित, विमल, राजेश, उमेश समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
भक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से जागरण समारोह यादगार बन गया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीणों को एकजुट होने का अवसर भी प्रदान किया।


