पुरवा में भीषण सड़क हादसा: पिकअप लोडर की टक्कर से युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
पुरवा, उन्नाव। पुरवा–सोहरामऊ मार्ग पर शिवदीन खेड़ा पानी की टंकी के पास देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार युवकों की मोटरसाइकिल में सामने से आ रहे पिकअप लोडर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरवा क्षेत्र के सेमरी मऊ गांव निवासी ईश्वर दीन का पुत्र नीलेश सोहरामऊ स्थित हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड कंपनी में काम करता था। देर शाम ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने मित्र अंशु पुत्र भगोले निवासी गदोरवा के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरवा–सोहरामऊ मार्ग पर शिवदीन खेड़ा स्थित पानी की टंकी के पास सामने से आ रहे पिकअप लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
दूसरी बाइक को भी मारी टक्कर, सड़क किनारे पलटा लोडर
पहली बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप लोडर अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान उसने पास से गुजर रही दूसरी मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी। इसके बाद लोडर सड़क के नीचे जाकर पलट गया। दूसरी बाइक पर सवार दीपू सिंह निवासी उदित खेड़ा, थाना खीरों और जितेंद्र सिंह निवासी सोहाखेड़ा, थाना बीघापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम, तीन घायल जिला अस्पताल रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुरवा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने नीलेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अंशु, दीपू सिंह और जितेंद्र सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसरा है। एक युवक की मौत और तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।


