पुरवा थाने में शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप, परिवार को सुरक्षा की मांग
पुरवा, उन्नाव। थाना पुरवा क्षेत्र के ग्राम लखमदेमऊ निवासी एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब के नशे में घर पहुंचकर गाली-गलौज करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, मारपीट की धमकी देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में सरिता देवी उर्फ शालू पत्नी सुनील कुमार उर्फ मनऊ, निवासी ग्राम लखमदेमऊ ने बताया कि 20 सितंबर 2026 की रात करीब आठ बजे वह अपने पति और बच्चों के साथ घर में खाना खा रही थी। इसी दौरान गांव निवासी अजय पुत्र रामचरण कथित रूप से शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और महिला व उसके पति के साथ गाली-गलौज करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसके और उसके पति द्वारा इसका विरोध किया गया तो आरोपी ने मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी दी। महिला ने जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का भी आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति पिछले करीब दो सप्ताह से उसके पति और बच्चों को परेशान कर रहा है। महिला का कहना है कि मामले को लेकर थाना पुरवा में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
रिपोर्ट -जनक कुमार सिंह


