उन्नाव में किसानों का जन सत्याग्रह, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
ट्रांस गंगा सिटी के 1580 किसानों को विकसित प्लॉट देने समेत 24 घंटे बिजली और बाढ़ से निजात की उठी मांग
उन्नाव। जनपद उन्नाव में किसानों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर किसान आंदोलन उत्तर प्रदेश ने गांधी जयंती के अवसर पर जन सत्याग्रह का ऐलान किया। शुक्लागंज उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम के बाद किसानों ने गांधी चौक तक पदयात्रा की और जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
किसान आंदोलन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी उन्नाव के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के किसानों और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाना जरूरी है।
1580 किसानों को विकसित प्लॉट देने की मांग
किसान आंदोलन ने ट्रांस गंगा सिटी के 1580 किसानों को 16 जनवरी 2014 के समझौते के अनुसार निःशुल्क विकसित प्लॉट शीघ्र आवंटित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
पांच बिजली उपकेंद्र तत्काल चालू कराने की मांग
ज्ञापन में ट्रांस गंगा सिटी के बंद पड़े पांच विद्युत उपकेंद्र/बिजली घरों को तत्काल चालू कराने तथा उनकी लाइन जोड़कर शुक्लागंज सहित जनपद के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
बाढ़ से स्थायी निजात के लिए गंगा रिवर फ्रंट की मांग
किसानों ने बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए गंगा रिवर फ्रंट का निर्माण कराने की मांग की। साथ ही कृषि और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गंगा किनारे रहने वाले लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की भी मांग ज्ञापन में शामिल है।
ऐतिहासिक स्थलों पर बूचड़खाने बंद कराने की मांग
ज्ञापन में उन्नाव जनपद के सीता माता, लवकुश, महर्षि वाल्मीकि की तपस्थली और क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की भूमि का उल्लेख करते हुए बड़े पैमाने पर चल रहे बूचड़खानों को तत्काल बंद कराने की मांग की गई। इसके साथ ही दूषित पानी की समस्या से जनता और किसानों को राहत दिलाने की मांग भी उठाई गई।
महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए आर्थिक सहायता
किसान आंदोलन ने उत्तर प्रदेश में भी अन्य राज्यों की तर्ज पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 3,000 रुपये मासिक तथा बेरोजगार युवाओं को 4,000 रुपये मासिक धनराशि दिए जाने की मांग करते हुए भेदभाव समाप्त करने की मांग की।
किसान आंदोलन ने प्रशासन से जनपद उन्नाव की जनता की इन ज्वलंत एवं न्यायोचित मांगों पर तत्काल विचार कर समस्याओं का निराकरण कराने का अनुरोध किया है।


