ग्रामीण दृष्टि | उन्नाव
उन्नाव। जिले में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों के दौरान गैस सिलेंडर की कमी की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। अब ऐसे आयोजनों के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग ने यह नई व्यवस्था लागू की है। अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजकों को अब 19 किलो के कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आयोजकों को अपने कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र संलग्न कर जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) कार्यालय में आवेदन करना होगा। शहरी क्षेत्रों में तीन चयनित गैस एजेंसियों के माध्यम से तथा जिले की सभी छह तहसीलों में चिन्हित एजेंसियों द्वारा सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कैटरिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित कैटरर के कनेक्शन पर बिना अतिरिक्त सिक्योरिटी के गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। वहीं निजी आयोजनों के लिए यदि कमर्शियल कनेक्शन उपलब्ध नहीं है, तो प्रति सिलेंडर 2400 रुपये सिक्योरिटी जमा करनी होगी।
प्रशासन ने आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए व्हाट्सएप और फोन के माध्यम से भी सूचना देने की सुविधा शुरू की है। साथ ही एक कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है, जहां गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
इस पहल से जिले में मांगलिक आयोजनों के दौरान गैस की उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।


