उन्नाव। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ती समाज विरोधी गतिविधियों, अवैध कब्जों, जबरन धर्मांतरण तथा महिलाओं के शोषण जैसे मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मामलों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि देश में सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने वाली गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर सुनियोजित तरीके से अवैध कब्जे, महिलाओं का शोषण, जबरन धर्मांतरण तथा सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से लव जिहाद, हिंदू परिवारों के उत्पीड़न, सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे, अपवित्र खान-पान की घटनाएं तथा जनजातीय क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं के शोषण जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया।
बजरंग दल ने मांग की कि राष्ट्रविरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को तत्काल हटाने, जबरन धर्मांतरण रोकने हेतु कठोर कानून लागू करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा तंत्र विकसित करने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रशासन से अपेक्षा की कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई कर शांति और सौहार्द बनाए रखा जाए।


