आजमगढ़: फर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार, गम्भीरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कूटरचित पासपोर्ट और फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी अभिलेखों से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गम्भीरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पासपोर्ट धोखाधड़ी के एक मामले में लंबे समय से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार यादव की तहरीर पर थाना गम्भीरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि मोहम्मद तारिक पुत्र खालिक अहमद, निवासी ग्राम मंगरावा रायपुर, थाना गम्भीरपुर, ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलकर अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए थे।
इस मामले में थाना गम्भीरपुर पर मु.अ.सं. 115/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम, 1967 में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मामले में धारा 338, 336(3) एवं 340 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
पुलिस टीम ने 26 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:35 बजे उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में रोहुआ मोड़ पर घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद तारिक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से पासपोर्ट बनवाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट: रघुबीर मौर्य, ब्यूरो प्रमुख, आजमगढ़
ग्रामीण दृष्टि राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र


