मरौंदा माझावर गांव में नाले के क्षतिग्रस्त होने से इंटरलॉकिंग के नीचे हुआ कटान, समय रहते मरम्मत न हुई तो हो सकता है बड़ा नुकसान।
उन्नाव।
विकासखंड क्षेत्र के ग्राम मरौंदा माझावर में राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा की सांसद निधि से मरौंदा बाजार पुलिया से दयाराम बगिया तक कराए गए इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण पर अब खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण सड़क के किनारे बने नाले का एक हिस्सा बाजार पुलिया के पास क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे इंटरलॉकिंग सड़क के नीचे कटान शुरू हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत नहीं कराई गई, तो इंटरलॉकिंग सड़क का बड़ा हिस्सा धंस सकता है और लोगों के आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में संबंधित जेई राखी द्विवेदी एवं निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार को भी अवगत कराया है। इसके बावजूद अभी तक मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी उन्नाव से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाए, ताकि क्षतिग्रस्त नाले की शीघ्र मरम्मत कराकर सड़क को होने वाले संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
ग्रामीणों ने इस समस्या के प्रमाण स्वरूप वीडियो और फोटो भी उपलब्ध कराए हैं, जिनमें नाले की क्षति और इंटरलॉकिंग के नीचे हुए कटान की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।


