कांवड़ यात्रा और बाढ़ तैयारियों पर डीएम का सख्त निरीक्षण, गंगा घाटों पर सुरक्षा व सुविधाएं समय से पूरी करने के निर्देश
उन्नाव, 25 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा एवं संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के साथ गंगाघाट क्षेत्र के आनंदेश्वर घाट, मिश्रा कॉलोनी घाट और जाजमऊ के चंदन घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं, शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गंगाघाट को निर्देशित किया कि घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और महिलाओं के लिए सुरक्षित चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
नाव से किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण
कांवड़ यात्रा की तैयारियों के साथ-साथ जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने मिश्रा कॉलोनी घाट से आनंद घाट तक नाव के माध्यम से गंगा नदी में भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति और गंगा कटान का निरीक्षण किया। इसके बाद जाजमऊ के चंदन घाट पहुंचकर भी बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीएम ने सिंचाई एवं बाढ़ खंड के अधिकारियों को गंगा कटान रोकने के लिए प्रभावी और त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं उपजिलाधिकारी सदर को पर्याप्त नावों की व्यवस्था, गोताखोरों की सूची एवं उनके संपर्क नंबर उपलब्ध रखने तथा सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि "कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को जलाभिषेक में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और बाढ़ जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।"
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, उपजिलाधिकारी सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गंगाघाट तथा सिंचाई एवं बाढ़ खंड के अधिकारी उपस्थित रहे।




