पायल वर्मा व सलोनी गौतम को मिली साइकिल, शिक्षा और संविधान के मूल्यों को अपनाने का दिया गया संदेश
उन्नाव। भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) जनपद शाखा उन्नाव के तत्वावधान तथा युवा एवं बाल विकास समिति उत्तर प्रदेश, जनपद शाखा उन्नाव के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को हर्ष डिवाइन पैलेस, उन्नाव में आयोजित डॉ. अंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2025 के भव्य मेधावी छात्र सम्मान समारोह में जिले के 43 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। समारोह में शिक्षा, संविधान और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष श्रद्धेय एडवोकेट मानसिंह गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया था। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और संविधान के आदर्शों पर चलते हुए देश और समाज की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता डॉ. आर.आर. जैसवार (प्रथम लोकपाल, लखनऊ) ने कहा कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करती हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाने और डॉ. अंबेडकर के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया।
समारोह में प्रदेश संरक्षक एवं पूर्व मंत्री श्रद्धेय धर्मवीर सिंह अशोक, प्रधानाचार्य श्रद्धेय अजब सिंह यादव, 'बोधिसत्व बाबा साहेब टुडे' मासिक पत्रिका के संपादक श्रद्धेय ज्ञान प्रकाश जख्मी, मंडल उपाध्यक्ष श्रद्धेय बी.पी. वर्मा बौद्ध, श्रद्धेय ओम्वदा, श्रद्धेय आर.पी. शील सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 43 मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, मेडल, प्रशस्ति-पत्र, स्कूल बैग एवं अन्य आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब मुख्य वक्ता डॉ. आर.आर. जैसवार ने मेधावी छात्राओं पायल वर्मा एवं सलोनी गौतम को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए साइकिल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से दोनों छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में डॉ. अंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2025 के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) जनपद शाखा उन्नाव की जिला कार्यकारिणी, परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों एवं सहयोगियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रद्धेय बी.एल. गौतम ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि समाज में शिक्षा का प्रसार ही वास्तविक सामाजिक परिवर्तन का मार्ग है तथा संगठन भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।
![]() |
समारोह का कुशल एवं प्रभावी संचालन जिला महामंत्री एवं जिला परीक्षा प्रभारी सौरभ राज भारती ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन, उद्देश्य और विद्यार्थियों की सहभागिता की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान शिक्षा, सामाजिक समरसता, संविधान के प्रति सम्मान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश प्रमुखता से गूंजता रहा।
ग्रामीण दृष्टि ब्यूरो, उन्नाव




