उन्नाव में दलित महिला का गंभीर आरोप: जमीन पर कब्जे की कोशिश, परिजनों के अपहरण का आरोप; एसपी से लगाई न्याय की गुहार
उन्नाव, ग्रामीण दृष्टि। जनपद के माखी थाना क्षेत्र की एक दलित महिला ने गांव के कुछ दबंगों पर जमीन पर अवैध कब्जा करने, घर पर हमला करने तथा परिजनों को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और अपने परिजनों की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखती है और उसका परिवार गांव में अकेला निवास करता है। कुछ दबंग लंबे समय से उसकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि 18 जुलाई की रात आरोपियों ने उसकी भूमि से लगे पिलर और मेड़ को क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर ईंट-पत्थर व धारदार हथियारों से लैस होकर घर का घेराव किया गया तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला के अनुसार, वह अपनी बेटी, बहू और नातिन के साथ शिकायत दर्ज कराने माखी थाना जा रही थी। रास्ते में नहर की बंबी स्थित पुलिया के पास सफेद बोलेरो सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट की, धारदार हथियारों से हमला करने का प्रयास किया तथा परिवार के कुछ सदस्यों को जबरन वाहन में बैठाकर उन्नाव की ओर ले गए।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसके परिजनों को शीघ्र सकुशल बरामद कराया जाए, आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
पुलिस का पक्ष:
मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


