जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकसा दनियाल गांव में दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम, गांव में शोक की लहर
जीयनपुर/आजमगढ़।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकसा दनियाल गांव में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर में फर्राटा पंखे का प्लग बिजली के बोर्ड में लगाते समय करंट की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक चंदन कुमार पुत्र स्वर्गीय संतलाल की मौत हो गई। परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य चंदन की असमय मौत से पत्नी, तीन मासूम बेटियों और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदन कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार रात लगभग आठ बजे वह घर में फर्राटा पंखे का प्लग बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज करंट प्रवाहित होने से वह उसकी चपेट में आ गए और जोरदार झटके के साथ जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल उन्हें संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।
घटना की सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
चंदन कुमार अपने पीछे पत्नी पूनम और तीन मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत से बेटियों का भविष्य अनिश्चित हो गया है, जबकि पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है और गांव के लोगों की आंखें भी नम हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मृतक के घर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि चंदन मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
बिजली विभाग और विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी विद्युत उपकरण का प्लग लगाते या निकालते समय बिजली आपूर्ति, तार और बोर्ड की स्थिति की जांच अवश्य कर लें। थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
रिपोर्ट:
रघुबीर मौर्य
ब्यूरो प्रमुख, आजमगढ़
ग्रामीण दृष्टि राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र


