अवैध बूचड़खानों और अवैध खनन के खिलाफ किसान यूनियन का बड़ा बिगुल, डीएम को सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई न हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
उन्नाव। जनहित और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (सावित्री) ने मंगलवार को जिला प्रशासन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी उन्नाव को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने जिले में संचालित कथित अवैध बूचड़खानों तथा अवैध खनन की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
किसान यूनियन ने आरोप लगाया कि जिले में संचालित कुछ बूचड़खाने निर्धारित नियमों और मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। ज्ञापन में इंडाग्रो फूड्स, जेएस इंटरनेशनल फूड्स समेत अन्य इकाइयों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई है।
संगठन का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कथित अवैध खनन लगातार जारी है, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। साथ ही गंगा नदी के पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है। किसान नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो इसके दूरगामी दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं।
ज्ञापन में तहसील पुरवा के ग्राम ऊंचगांव सानी में कथित अवैध खनन का विशेष उल्लेख करते हुए तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
भारतीय किसान यूनियन (सावित्री) ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन किसानों के साथ जिला मुख्यालय पर वृहद धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अब इस मामले में सभी की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि शिकायतों की पुष्टि होती है तो जिले में अवैध गतिविधियों पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिल सकती है।


