पुरवा, उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र के ग्राम जेरा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। घर में गर्म किया जा रहा दूध अचानक एक वर्षीय मासूम बच्चे के ऊपर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुरवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम जेरा निवासी मोनू कुमार का एक वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे घर में मौजूद था। परिजनों के अनुसार घर में दूध गर्म करने के लिए रखा गया था। इसी दौरान मासूम बच्चे ने गर्म दूध से भरे बर्तन/तेलई को पकड़ लिया। बच्चे के पकड़ते ही गर्म दूध उसके ऊपर गिर गया, जिससे उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए।
बच्चे के अचानक रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उसकी हालत देखकर घबरा गए। बिना समय गंवाए परिजन बच्चे को लेकर बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरवा पहुंचे।
सीएचसी पुरवा में चिकित्सक डॉ. मनीषा अवस्थी द्वारा बच्चे का प्राथमिक उपचार किया गया। बच्चे के शरीर पर गर्म दूध से जलने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। घटना एक बार फिर छोटे बच्चों के आसपास गर्म दूध, पानी, चाय अथवा अन्य गर्म वस्तुएं रखते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।
ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से अपील करता है कि गर्म वस्तुओं को छोटे बच्चों की पहुंच से हमेशा दूर रखें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
रिपोर्ट - जनक कुमार सिंह


