बीघापुर। विकासखंड के मगरायर गांव में मां मंशा देवी बैसवारा साहित्यिक परिषद के संस्थापक कवि एवं साहित्यकार स्वर्गीय मृत्युंजय पाण्डेय की जयंती पर काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान कवि जयकृष्ण पाण्डेय के खंडकाव्य ‘प्रतीक्षा’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कवि रामभरोसे सिंह की वाणी वंदना से हुआ। वरिष्ठ कवि अनुज तिवारी ने मृत्युंजय पाण्डेय को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी साहित्यिक साधना पर आधारित काव्य पाठ किया। उन्होंने सामाजिक समस्याओं पर भी अपनी रचना प्रस्तुत की। कवि प्रमोद सिंह काकुत्स्थ ने हिंदी के महत्व पर रचना सुनाई, जबकि साहित्य भूषण सम्मान से सम्मानित कवि चंद्रभूषण सिंह ने प्रेम की अनुभूति पर काव्य पाठ किया।
कवि जयकृष्ण पाण्डेय ने अपनी रचना के माध्यम से प्रतीक्षा और मिलन की भावनाओं को अभिव्यक्त किया। कवि सिद्धार्थ दीक्षित ने संवेदनात्मक रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावुक किया। इसके अलावा मनमोहन अवस्थी, चन्द्रकान्त बाजपेई, मनोज सरल, अनिल वर्मा, डॉ. शिवपाल, संजीव तिवारी, रेखा पाण्डेय और रामकिशोर वर्मा ने भी काव्य पाठ किया।
कार्यक्रम में शिक्षाविद् रमेश सिंह, नरेंद्र आनंद, कमलेश शुक्ल और अनुज तिवारी ने जयकृष्ण पाण्डेय के खंडकाव्य ‘प्रतीक्षा’ का विमोचन किया। साहित्यकारों ने पुस्तक को आम जनजीवन की भावनाओं से जुड़ी कृति बताते हुए सराहा।
काव्य गोष्ठी का संचालन अनुज तिवारी ने किया। स्वागत रमाशंकर दीक्षित तथा आभार माहेश्वरी पाण्डेय ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।


