FLN प्रशिक्षण में कम उपस्थिति पर BSA नाराज, तीन दर्जन से अधिक शिक्षकों से मांगा गया स्पष्टीकरण
असोहा-मौराव में बीएसए के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, विद्यालयों में भी मिलीं अनियमितताएं
असोहा। असोहा ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) पर चल रहे एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण का बुधवार सुबह करीब 10 बजे बेसिक शिक्षा अधिकारी उन्नाव शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति मिलने पर बीएसए ने नाराजगी जताते हुए प्रशिक्षणदाताओं से जवाब-तलब किया। निरीक्षण के दौरान धीरे-धीरे कई प्रशिक्षु शिक्षक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचते रहे। देर से पहुंचने का कारण पूछे जाने पर शिक्षकों ने बारिश और रास्ते में जाम की वजह से विलंब होने की बात बताई। इस पर बीएसए ने समय पालन को लेकर कड़ी नसीहत दी और विलंब से उपस्थित शिक्षकों को लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
बीएसए ने प्रशिक्षणदाताओं को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुचारू रूप से संचालित किया जाए और प्रशिक्षुओं को आवश्यक स्टेशनरी सहित प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशिक्षण में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
कई विद्यालयों का भी किया औचक निरीक्षण
असोहा पहुंचने से पहले बीएसए ने लालाखेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय बखारी हार का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में केवल शिक्षामित्र राममूर्ति उपस्थित मिले। प्रधान शिक्षिका अंजू सिंह बिना सूचना अनुपस्थित बताई गईं, जबकि सहायक अध्यापक सूरज कुमार भी उपस्थित नहीं मिले।
इसके बाद बीएसए ने इस्लामनगर के प्राथमिक विद्यालय तथा शेरशाहखेड़ा प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सामने आईं अनियमितताओं के संबंध में लगभग तीन दर्जन से अधिक शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि संबंधित शिक्षकों के स्पष्टीकरण और विभागीय कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूरी तस्वीर सामने आएगी।
प्रशिक्षण में ये शिक्षक रहे मौजूद
एफएलएन प्रशिक्षण के दौरान परवीन कुमार, मनोज पटेल, अन्नपूर्णा दीक्षित, रामकरण मौर्य, हरिकिशोर मिश्र सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
बीएसए के औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में दिनभर हलचल बनी रही। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचने और प्रशिक्षण में निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट -जनक कुमार सिंह


