पुरवा में सड़क हादसा: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
पुरवा, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर शाम लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तौरा गांव निवासी उमाशंकर यादव का इकलौता बेटा शिवम यादव (26) देर शाम अपने दोस्तों के साथ लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की ओर घूमने गया था। इसी दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक शिवम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बड़ी बहनें सपना और सोनी हैं, जिनकी शादी पहले ही हो चुकी है। बेटे की मौत से पिता उमाशंकर यादव और मां रुपा का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के मुताबिक शिवम अक्सर अपने दोस्तों के साथ एक्सप्रेसवे की ओर घूमने जाता था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर पुरवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि युवक सड़क हादसे का शिकार हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट -जनक कुमार सिंह


