पुरवा में मुर्गा लदे पिकअप ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, तीन गंभीर घायल
पुरवा, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र के मझखोरिया मंगतखेड़ा गांव के पास शनिवार सुबह सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पुरवा की ओर से आ रहे मुर्गों से लदे पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
मझखोरिया मंगतखेड़ा निवासी सुनील कुमार ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पिता रामप्रसाद शनिवार सुबह पड़ोसी ई-रिक्शा चालक वरुण के रिक्शे पर बैठकर खेत देखने जा रहे थे। ई-रिक्शा में वरुण की दो पुत्रियां भी सवार थीं। बताया गया कि खेत बटाई पर लिया गया था, जिसे देखने के लिए सभी जा रहे थे।
इसी दौरान पुरवा की ओर से आ रहे मुर्गों से लदे पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा में सवार रामप्रसाद, वरुण और उसकी दोनों पुत्रियों में से संबंधित सवारों को चोटें आईं और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
![]() |
| पुरवा क्षेत्र में पिकअप की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा और उपचार के लिए सीएचसी पहुंचे घायल। |
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरवा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट -जनक कुमार सिंह



