अचलगंज। दोस्त के साथ बाइक से घूमने निकले 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर रात युवक हड़हा ओवरब्रिज के पास एक पेड़ के नीचे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव निवासी लाइक अहमद का 22 वर्षीय पुत्र सोहिल गुरुवार शाम गांव के ही एक साथी के साथ बाइक से रैनापुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सोहिल हड़हा ओवरब्रिज के पास एक पेड़ के नीचे घायल अवस्था में पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार, सोहिल के दाढ़ी के नीचे कटे का निशान था और कान से खून निकल रहा था। गंभीर हालत में परिजन उसे आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सोहिल ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कार्यवाहक थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव और क्षेत्राधिकारी बीघापुर प्रदीप कुमार (आईपीएस) मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सोहिल की मौत के बाद परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और युवक के घायल होने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
सोहिल पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था और अविवाहित था। उसके पिता दुबई में काम करते हैं। बताया गया कि सोहिल भी करीब एक माह पहले दुबई से गांव वापस आया था। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट - राकेश कुमार तिवारी


