रहमान इंडस्ट्रीज में 150 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, बीपी-शुगर और BMI की हुई जांच
उन्नाव। श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को साइट-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स रहमान इंडस्ट्रीज में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 150 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और बीएमआई समेत विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।
![]() |
| उन्नाव के साइट-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित रहमान इंडस्ट्रीज में श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण करते चिकित्सकीय टीम के सदस्य। |
यह स्वास्थ्य शिविर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 24 से 28 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा सेतु अभियान’ के क्रम में लगाया गया। उन्नाव में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
चिकित्सकीय टीम ने की स्वास्थ्य जांच
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक श्रमायुक्त समरेन्द्र नाथ नागेश के नेतृत्व में आयोजित शिविर में श्रमिकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम ने श्रमिकों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और BMI की जांच की। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता सामने आने पर चिकित्सकीय परामर्श के साथ जरूरत के अनुसार रेफरल की व्यवस्था भी की गई।
शिविर में जिला अस्पताल से डॉ. सुभांग अग्निहोत्री, चीफ फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह और लैब टेक्नीशियन नवीन कुमार मौजूद रहे। वहीं ईएसआईसी डिस्पेंसरी से मेडिकल ऑफिसर आशीष कुमार पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रमिकों की जांच में सहयोग किया।
श्रम विभाग और प्रतिष्ठान के कर्मचारियों ने संभाली व्यवस्था
श्रम विभाग की ओर से श्रम प्रवर्तन अधिकारी निलेश कुमार दीक्षित और राधेश्याम सिंह उपस्थित रहे। वहीं रहमान इंडस्ट्रीज के मैनेजर जमाल खान समेत प्रतिष्ठान के अन्य कर्मचारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
संयुक्त टीम की ओर से लगाए गए इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना रहा।
रिपोर्ट- राकेश कुमार तिवारी


