अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार किसान को मारी जोरदार टक्कर, सड़क पर तड़पकर मौत
बांगरमऊ, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र के डहन संपर्क मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार किसान को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जिरिकपुर के मजरा डहन निवासी घसीटे (45) पुत्र मैकू बुधवार सुबह साइकिल से खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डहन संपर्क मार्ग पर पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही घसीटे सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक की पत्नी शिवानी और 16 वर्षीय बेटा महेश घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की चीख-पुकार से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


