अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अचलगंज, उन्नाव। लालगंज-उन्नाव हाईवे पर कोरारी मोड़ के निकट मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अचलगंज थाना क्षेत्र के शोभाखेड़ा निवासी गणेश (30) पुत्र देसराज मंगलवार रात करीब नौ बजे उन्नाव से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। वह लालगंज-उन्नाव हाईवे पर कोरारी मोड़ के पास पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गणेश सड़क पर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े गणेश को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पत्नी और दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
गणेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी निशा, तीन वर्षीय बेटी और करीब डेढ़ वर्ष के मासूम बेटे को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गणेश प्राइवेट नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।


