उन्नाव-लालगंज हाईवे पर तड़के बड़ा हादसा! मैक्रोनी से लदा पिकअप खाई में पलटा, बाल-बाल बचा चालक
बीघापुर, उन्नाव। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर शुक्रवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैक्रोनी से लदा एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसा बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के गौरी गांव के सामने हुआ। गनीमत रही कि पिकअप चालक सुरक्षित बच गया और उसे कोई चोट नहीं आई।
लालगंज जा रहा था पिकअप, अचानक बिगड़ा संतुलन
जानकारी के मुताबिक, बांगरमऊ क्षेत्र निवासी अरुण कुमार पुत्र रामभजन पिकअप में मैक्रोनी लादकर लालगंज जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जैसे ही उनका वाहन गौरी गांव के सामने पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पिकअप हाईवे से नीचे खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की निगाहें दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर टिक गईं।
टोल पेट्रोलिंग टीम ने संभाला मोर्चा, हाइड्रा से निकाला वाहन
पिकअप के खाई में पलटने की सूचना मिलते ही अकवाबाद टोल की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम में शामिल अनुराग सिंह, सतीश, देव नारायण, शत्रुघ्न और विनीत पाल ने तत्परता दिखाते हुए हाइड्रा मशीन की मदद से पिकअप को खाई से बाहर निकलवाया।
कुछ देर बाधित रही हाईवे की एक लेन
दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को बाहर निकालने के दौरान हाईवे की एक लेन कुछ समय के लिए बाधित रही। हालांकि, हादसे में चालक के सुरक्षित बचने से बड़ी अनहोनी टल गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


