पुरवा में अज्ञात वाहन से भिड़ा पुआल लदा ट्रैक्टर, चालक गंभीर घायल; एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर
पुरवा, उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तूसरौर गांव के पास गुरुवार को पुआल लदे ट्रैक्टर की अज्ञात वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरवा पहुंचाया गया।
![]() |
| पुरवा के तूसरौर गांव के पास दुर्घटना के बाद घायल ट्रैक्टर चालक को अस्पताल ले जाते एंबुलेंस कर्मी |
घायल चालक की पहचान बसंत सिंह (40) पुत्र लाल बहादुर, निवासी ग्राम रामबाबा, थाना महरुआ, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। बताया गया कि बसंत सिंह ट्रैक्टर से पुआल का ढेर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान तूसरौर गांव के पास अज्ञात वाहन से ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में चालक को गंभीर चोटें आईं। सूचना के बाद UP32FG2823 एंबुलेंस के चालक उदित नारायण और ईएमटी अभिनव गुप्ता मौके पर पहुंचे और घायल बसंत सिंह को सीएचसी पुरवा लेकर आए।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. यूके सिंह ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से निकल गया। फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


