आशा बहुओं ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर भरी हुंकार, मानदेय बढ़ाने समेत राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
गंजमुरादाबाद, उन्नाव। क्षेत्र में कार्यरत आशा बहुओं और आशा संगिनियों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गंजमुरादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर लामबंद होकर आवाज बुलंद की। आशा कार्यकर्ताओं ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मंजेश कुमार को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए मांगों पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
आशा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 21 हजार रुपये तथा आशा संगिनियों का मानदेय 26 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई गई।
मांगपत्र में आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड से संबंधित कार्यों का भुगतान आशा बहनों के माध्यम से किए जाने, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ आशा कार्यकर्ताओं को दिए जाने तथा दुर्घटना में आशा कार्यकर्ता की मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने सहित अन्य मांगें शामिल रहीं।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान कराने की अपील की।
इस दौरान रूपरानी, मालती, मीरा देवी, कुसुम कांति, शिवदेवी, गायत्री सहित क्षेत्र की तमाम आशा बहुएं एवं आशा संगिनियां मौजूद रहीं।


