सेवा सेतु अभियान: पुरवा ब्लॉक में लगा शिविर, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
पुरवा, उन्नाव। सेवा सेतु अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड पुरवा परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
शिविर में पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, पशुपालन, स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग सहित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सौर ऊर्जा को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक
शिविर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी नेपाल सिंह ने ग्रामीणों को घरों पर सोलर प्लांट स्थापित कराने, योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का लाभ उठाकर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की।
वहीं आन्या वेंचर्स सोलर पावर की ओर से लगाए गए स्टॉल पर जनरल मैनेजर आरोही गुप्ता, दीपक और शुभम ने ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के उपयोग से होने वाले फायदे तथा पीएम सूर्य घर योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों को सोलर प्लांट लगवाने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी संतोष श्रीवास्तव और सीएचसी प्रभारी प्रमोद कुमार ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि पात्र लोग संबंधित योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाएं।
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली। शिविर के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने लोगों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।



