नारायणपुरी में विकास को मिली रफ्तार, पार्षद रामनरेश रावत ने किया इंटरलॉकिंग सड़क व नाली निर्माण का शिलान्यास
8.50 लाख रुपये की पार्षद निधि से होगा निर्माण, सड़क पर जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत
लखनऊ। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 के अंतर्गत नारायणपुरी कॉलोनी में स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाया गया है। सोमवार को पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट ने अपनी पार्षद निधि से इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। करीब 8 लाख 50 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य से कॉलोनीवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिल दुबे के घर से सचिन मिश्रा के घर तक तथा सोनू कश्यप वाली गली में सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित इंटरलॉकिंग सड़क लगभग 70 मीटर लंबी और पांच मीटर चौड़ी होगी। इस कार्य का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सहयोग एवं आशीर्वाद से कराया गया।
पूजा-अर्चना के साथ हुआ निर्माण कार्य का शुभारंभ
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से धूप-दीप जलाकर पूजा-अर्चना की गई। मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव और उमाशंकर वर्मा ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं, कॉलोनी के निवासियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
खराब सड़क और जलभराव से परेशान थे लोग
पार्षद रामनरेश रावत ने बताया कि नारायणपुरी कॉलोनी की यह सड़क काफी समय से खराब स्थिति में थी। नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का पानी सड़कों पर भर जाता था। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि सड़क और नाली का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होने तथा आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य पार्षद निधि से कराया जा रहा है।
जनसहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर
इस अवसर पर कॉलोनीवासियों की ओर से लखनऊ के सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, शिव शंकर सिंह (संकरी भैया) तथा नगर आयुक्त गौरव कुमार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में रामकुमार गौतम, धर्मेंद्र, सुमित कुमार, प्रदीप सिंह, दिलीप शाहा, तौहीद, राजू सिंह, गोपाल भैया, महेंद्र, प्रिंस, समरपाल सिंह, कुलदीप, अनिल दुबे, फूलचंद गौतम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
नारायणपुरी में सड़क एवं नाली निर्माण की पहल से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें निर्माण कार्य समय से पूरा होने और जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान पर टिकी हैं।


