पुरवा में दर्दनाक हादसा: जंगली जानवर से टकराकर खंती में गिरी बाइक, रातभर पड़े रहने से युवक की मौत
महरामऊ-अंगनुआखेड़ा मार्ग पर हुआ हादसा, चार भाइयों में सबसे छोटा था मृतक दिनेश कुमार; परिवार में मचा कोहराम
पुरवा, उन्नाव। कोतवाली पुरवा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ग्राम अंगनुआखेड़ा मजरे चमियानी निवासी दिनेश कुमार बाइक से महरामऊ गांव गया था। देर रात घर लौटते समय रास्ते में कथित तौर पर किसी जंगली जानवर से टकराने के बाद उसकी बाइक अनियंत्रित होकर खंती में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक रातभर खेत में पड़ा रहा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पिता बाबादीन प्रजापति के मुताबिक, उनका बेटा दिनेश कुमार बीती रात मोटरसाइकिल से महरामऊ गांव गया था। वहां से वापस लौटते समय महरामऊ-अंगनुआखेड़ा मार्ग पर पहुंचते ही अचानक एक जंगली जानवर से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और दिनेश मोटरसाइकिल समेत सड़क किनारे खंती में जा गिरा। रातभर खेत में पड़े रहने के कारण उसकी जान चली गई।
बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। दिनेश की मौत से पिता बाबादीन प्रजापति और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई राकेश, मुकेश और बब्लू सहित परिवार के अन्य सदस्य इस दुखद घटना से सदमे में हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।


