घर की छत पर सोता रहा परिवार, कमरों के ताले तोड़कर चोर ले गए एक लाख नकदी और लाखों के जेवरात
गंजमुरादाबाद/उन्नाव। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के मटुकरी गांव में चोरों ने एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के लोग रात में घर की छत पर सोते रहे और इसी दौरान अज्ञात चोर कमरों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नजर घर के टूटे तालों और बिखरे सामान पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए।
मटुकरी गांव निवासी रजनीश पुत्र रामलडेते ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह परिवार के साथ घर की छत पर सो रहा था। सुबह उठकर नीचे आया तो घर के कमरों के ताले टूटे हुए मिले। घर में रखे दो बक्से भी गायब थे, जबकि अन्य सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।
पीड़ित के मुताबिक, घर में तलाशी लेने पर पता चला कि भैंस बेचने के लिए रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी भी चोरी हो गई। इसके अलावा घर की तीन महिलाओं के सोने-चांदी के जेवरात भी चोर उठा ले गए। पीड़ित ने चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने बेहटा मुजावर पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।


