पुरवा सीएचसी में चार दिन से एक्सरे मशीन खराब, मरीजों को बाहर से जांच कराने की मजबूरी
सरकारी अस्पताल में एक्सरे सुविधा ठप होने से मरीज परेशान, निजी सेंटरों पर खर्च करनी पड़ रही अतिरिक्त रकम
पुरवा, उन्नाव। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुरवा में लगी एक्सरे मशीन पिछले करीब चार दिनों से खराब पड़ी होने के कारण मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अस्पताल में एक्सरे की सुविधा बंद होने से जांच के लिए आने वाले मरीजों को मजबूरन बाहर के निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। इससे जहां मरीजों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं उनकी जेब पर भी आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
बताया जा रहा है कि सीएचसी में एक्सरे कराने पहुंचे मरीजों को मशीन खराब होने की जानकारी मिलने के बाद बाहर से जांच कराने के लिए भेजा जा रहा है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर अपेक्षाकृत कम खर्च में होने वाली जांच के लिए मरीजों को निजी सेंटरों पर अधिक रकम खर्च करनी पड़ रही है।
मरीजों का कहना है कि दूर-दराज के गांवों से इलाज के लिए सीएचसी पहुंचने के बाद एक्सरे की सुविधा उपलब्ध न होने से उन्हें पहले निजी सेंटर तलाशना पड़ता है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
वहीं, सीएचसी प्रभारी ने जल्द ही एक्सरे मशीन ठीक कराकर जांच सुविधा बहाल किए जाने की जानकारी दी है। अब देखना होगा कि खराब मशीन कब तक दुरुस्त होती है और मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर एक्सरे की सुविधा दोबारा कब मिल पाती है।


