कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला कक्षा 11 का छात्र लापता, परिजनों में चिंता
पुरवा, उन्नाव। क्षेत्र के गांव रहापार मजरे तौरा निवासी एक 18 वर्षीय छात्र के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हैं। छात्र घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। कॉलेज में जानकारी करने पर पता चला कि वह उस दिन कॉलेज पहुंचा ही नहीं था।
रहापार मजरे तौरा निवासी जनक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका 18 वर्षीय पुत्र प्रीतम बिछिया स्थित ब्रजभूषण सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है। पांच अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे प्रीतम कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था।
शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने कॉलेज पहुंचकर जानकारी की। कॉलेज प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रीतम पांच अक्टूबर को कॉलेज आया ही नहीं था। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
पुत्र के लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। पिता ने पुलिस से छात्र की तलाश कर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और छात्र की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है।


