रात के अंधेरे में साइकिल सवार को बाइक ने मारी जोरदार टक्कर, पैर में फ्रैक्चर
रम्माखेड़ा के पास हादसा; टक्कर मारकर बाइक सवार फरार, घायल जिला अस्पताल रेफर
पुरवा, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात करीब 8 बजे रम्माखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार 45 वर्षीय रामशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरवा पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम रम्माखेड़ा निवासी रामशंकर (45) पुत्र छेदीलाल अपने बहनोई अशोक कुमार के साथ साइकिल से त्रिपुरारपुर से पुरवा की ओर आ रहे थे। रात करीब आठ बजे रम्माखेड़ा के आगे पीछे से आई बाइक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामशंकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। रामशंकर के बहनोई अशोक कुमार ने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने मदद करते हुए घायल को निजी टेंपो से सीएचसी पुरवा पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद प्राथमिक उपचार किया, लेकिन पैर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि हादसे में रामशंकर के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है। घटना की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बेटी लक्ष्मी (17 वर्ष) सहित 13 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे शिवांश की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
टक्कर मारकर भाग निकला बाइक सवार
हादसे के बाद बाइक सवार मौके पर रुकने के बजाय फरार हो गया। अब घायल के परिजन बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रात के समय हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


