पुरवा में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, राजबली खेड़ा गांव में पसरा मातम; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुरवा/असोहा, उन्नाव। क्षेत्र के राजबली खेड़ा गांव निवासी 32 वर्षीय आशीष कुमार की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। लखनऊ के निजी अस्पताल में आशीष ने अंतिम सांस ली। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय रामआसरे के पुत्र आशीष कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बीते बुधवार की शाम मजदूरी करने के बाद वह अपने साथियों को बाइक पर बैठाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पाठकपुर कस्बे के बाहर असोहा की ओर से आ रहे एक साइकिल सवार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और आशीष समेत बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में आशीष के सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आशीष के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें उपचार के लिए लखनऊ के बंथरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल ले गए। वहां हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें लखनऊ के ही एक अन्य निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दो मासूम बेटों को छोड़ गया पिता
आशीष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उनकी मां रामा और पत्नी श्रीमती सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन भाइयों सुनील, आनंद और आशीष में आशीष दूसरे नंबर पर थे। वह अपने पीछे आठ वर्षीय पुत्र साहिल और छह वर्षीय पुत्र अर्पित को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद राजबली खेड़ा गांव में शोक का माहौल है।


