मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और मिशन शक्ति के तहत विशेष सत्र, सफल अभ्यर्थियों का हुआ सम्मान
उन्नाव में प्रतियोगी छात्रों को मिले सफलता के टिप्स, बालिकाओं को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
उन्नाव। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को सफलता की राह दिखाने और महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एवं मिशन शक्ति अभियान के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मार्गदर्शन, जागरूकता सत्र और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिविल सेवा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति बताने के साथ ही सुरक्षा हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रकाश पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य सिविल सेवा, पीसीएस, पीईटी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मेधावी अभ्यर्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने तथा आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2024 बैच के अधिकारी एवं बीघापुर सर्किल के एएसपी प्रदीप कुमार ने अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही रणनीति, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और निरंतर प्रयास के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह और मिशन शक्ति प्रभारी संतोष सिंह ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन, कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता व्यवस्था की जानकारी देकर जागरूक किया। अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी को आवश्यकता पड़ने पर उपयोग में लाने के प्रति भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. आशीष श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रकाश पांडेय सहित कोर्स कोऑर्डिनेटर डी.के. रावत, अनुपम सिंह, शुभम सिंह, ज्योत्स्ना श्रीवास्तव, गौरव शर्मा, वैशाली यादव, अंजली शुक्ला और आकाश तिवारी विशेषज्ञ के रूप में शामिल हुए।
चयनित अभ्यर्थियों को किया गया सम्मानित
समारोह का विशेष आकर्षण मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े अभ्यर्थियों की सफलता का सम्मान रहा। पुलिस पद पर अंतिम चयन प्राप्त करने वाले मलय सिंह और होमगार्ड पद पर चयनित दीपेंद्र गौतम को सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि को अन्य अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित अतिथियों, विशेषज्ञों और अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से प्रतियोगी युवाओं को परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन देने के साथ ही महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।





