चमियानी बाजार में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल; जिला अस्पताल रेफर
पुरवा, उन्नाव। चमियानी बाजार में सड़क पर खड़े वाहन से बाइक टकराने के कारण 28 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम काजीखेड़ा चकजमालपुर निवासी रजनीश (28) पुत्र रामगोपाल बाइक से चमियानी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चमियानी बाजार में सड़क पर खड़े एक वाहन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल रजनीश के परिवार में उनकी पत्नी संतोषी और माता शकुंतला हैं। हादसे के बाद परिजन उनकी सलामती को लेकर चिंतित हैं।
पुरवा संवाददाता: जनक कुमार सिंह


