जिलेभर में प्रतिमाओं की सफाई, दीपोत्सव और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित
संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी के निर्देशानुसार जनपद उन्नाव में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाबा साहेब की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर दीप जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसी क्रम में एसपी कार्यालय के निकट स्थित अंबेडकर पार्क में भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी एवं सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। प्रतिमा परिसर की सफाई के बाद दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया और बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित की गई।
वहीं भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला ने बेथर स्थित अंबेडकर पार्क में स्वच्छता अभियान चलाकर दीपोत्सव किया। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने देवारा सहित कई स्थानों पर भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिया गया संविधान देश में सामाजिक न्याय और समानता का आधार है। संगठन के निर्देश पर जनपद के प्रत्येक मंडल स्तर पर प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।


