उन्नाव, संवाददाता (ग्रामीण दृष्टि):
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सविता महासभा उत्तर प्रदेश (रजि.) उन्नाव की ओर से अम्बेडकर पार्क, नियर कचहरी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबा साहब की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को याद किया और समाज में समता, शिक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों एवं उपस्थित जनसमूह को शर्बत वितरित किया गया।
कार्यक्रम में संगठन संरक्षक अशोक सविता, जिलाध्यक्ष अजय शंकर ठाकुर, महामंत्री रामदास शर्मा, शहर अध्यक्ष राज कुमार उर्फ ब्रह्म, कुलदीप सविता उर्फ गुरू तथा मनोज गौतम एडवोकेट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष और सामाजिक न्याय के लिए समर्पण आज भी प्रेरणा का स्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक समाज की स्थापना संभव है।

