उन्नाव। 24 अप्रैल, शुक्रवार को संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में निरंकारी सत्संग भवन, उन्नाव में बाबा गुरुवचन सिंह जी की पावन स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिशन के 25 से अधिक महात्माओं ने रक्तदान कर समाज को मानव सेवा और परोपकार का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा यह संदेश देना था कि रक्तदान से किसी की जान बचाई जा सकती है। महात्माओं ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है और यह निःस्वार्थ सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है।
संत निरंकारी मिशन के पूज्य बाबा हरदेव सिंह जी के प्रेरणादायक वचनों को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा— “रक्त नाड़ियों में बहे, न कि नालियों में।” इस संदेश के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उन्नाव के विधायक पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष भानु मिश्रा जी, कानपुर जोन के ज्ञान प्रचारक महात्मा शिव कुमार गुप्ता जी, उन्नाव के संयोजक आ. शीतला शरण मिश्रा जी, संचालक श्री मुकेश कुमार जी, शिक्षक संदीप यादव जी सहित अनेक महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री मुकेश कुमार जी द्वारा किया गया। उपस्थित जनों ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।




