उन्नाव। समाज में शिक्षा के प्रसार के लिए सदैव समर्पित रहने वाले सथरा उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक शिक्षक श्री बिंदा प्रसाद लोधी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सच्ची शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के उत्थान में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसी क्रम में गरीब किसान परिवार से आने वाले होनहार छात्र शिवा राजपूत (पुत्र श्री संतोष कुमार, निवासी नया खेड़ा, सिकंदरपुर कर्ण) ने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस सफलता के पीछे उनके शिक्षक श्री लोधी का मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।
जब शिवा अपनी माता के साथ यह खुशखबरी लेकर अपने गुरु के पास पहुँचा, तो इस खुशी के मौके पर शिक्षक श्री बिंदा प्रसाद लोधी ने उसे स्नेहपूर्वक माला पहनाकर सम्मानित किया तथा ₹500 की प्रोत्साहन राशि देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह सम्मान केवल एक छात्र की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी सपनों का सम्मान है जो अभावों के बावजूद संघर्ष कर आगे बढ़ने का हौसला रखते हैं। शिवा की यह सफलता निश्चित रूप से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र परिवार की तरफ से हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।



