जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में जनगणना 2027 अभियान को मिली बड़ी सफलता
आजमगढ़। जनगणना 2027 के तहत चलाए जा रहे स्वगणना अभियान में आजमगढ़ जनपद ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व, सतत निगरानी और प्रशासनिक सक्रियता के चलते जनपद ने 50 हजार से अधिक स्वगणना सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों, सुपरवाइजरों, जन सेवा केंद्र संचालकों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा जागरूक नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित समय में जिस गति और प्रतिबद्धता के साथ अभियान आगे बढ़ा है, वह जनभागीदारी, प्रशासनिक समन्वय और तकनीकी सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
डीएम रविन्द्र कुमार ने निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में भी अभियान को इसी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को स्वगणना से जोड़ा जा सके और आजमगढ़ प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के लिए भी मिसाल बन सके।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नागरिक स्वयं स्वगणना पोर्टल se.census.gov.in पर अपनी जानकारी दर्ज करें। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायत मुख्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों, जन सेवा केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुविधा डेस्क स्थापित की गई हैं, जहां लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया में सहायता दी जा रही है।
प्रशासन का लक्ष्य “हमारी जनगणना, हमारा विकास” अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना है। जनपद में लगातार बढ़ रही जनसहभागिता से यह अभियान नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
रिपोर्ट : रघुबीर मौर्य
ब्यूरो प्रमुख, आजमगढ़


