2 महिला गिरफ्तार, 1 बाल अपचारी हिरासत में
रिपोर्ट : रघुबीर मौर्य, ब्यूरो प्रमुख आजमगढ़
फूलपुर/आजमगढ़। ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं के गहने व नगदी चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का फूलपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह फूलपुर, गंभीरपुर तथा कोतवाली थाना क्षेत्रों में ऑटो से यात्रा करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
बताया गया कि 10 मई 2026 को फूलपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन अम्बारी से ऑटो द्वारा पलिया गांव जा रही थी। इसी दौरान ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं ने उसका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें नगदी और आभूषण रखे थे। इस संबंध में थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 165/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी प्रकार गंभीरपुर थाना में मु0अ0सं0 109/2026 तथा कोतवाली थाना में मु0अ0सं0 198/2026 धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत महिलाओं के बैग व गहने चोरी होने के मामले दर्ज थे। विवेचना के दौरान चरन देवी पत्नी अनीश निवासी रोहतास (बिहार), सोनम पत्नी रुदल निवासी बक्सर (बिहार) एवं एक बाल अपचारी का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर तथा उ0नि0 राजेन्द्र कुमार की टीम ने 10 मई की शाम करीब 6:13 बजे मकसुदिया शिव मंदिर, ग्राम मकसुदिया के पास से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ऑटो में बैठकर महिलाओं के गहने और नगदी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से पीली व सफेद धातु के लाकेट, बिछिया, पायल, झुमका, नाक कील तथा 2900 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों महिलाओं को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


