ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र
विशेष संवाददाता
जगदेव प्रसाद के जीवन संघर्ष और सामाजिक विचारधारा पर आधारित बायोपिक फिल्म “द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव” आगामी 29 मई को रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर बिहार सहित देशभर में चर्चा तेज हो गई है। यह फिल्म समाज के शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले अमर शहीद जगदेव प्रसाद के जीवन पर आधारित है।
फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि फिल्म में जगदेव बाबू के बचपन से लेकर उनके सामाजिक संघर्ष, राजनीतिक जीवन और शहादत तक की घटनाओं को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म में ग्रामीण समाज, सामाजिक असमानता, छुआछूत, अंधविश्वास, गरीबी, भ्रष्टाचार और वोट चोरी जैसे मुद्दों को भी दर्शाया गया है।
बताया गया कि फिल्म की शूटिंग बिहार के जहानाबाद, गया, इमामगंज और बांकेबाजार समेत कई क्षेत्रों में की गई है, जबकि कुछ दृश्य झारखंड में भी फिल्माए गए हैं। फिल्म में गांव और समाज की वास्तविक परिस्थितियों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
निर्देशक के अनुसार यह फिल्म केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व की कहानी नहीं, बल्कि समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की लड़ाई का संदेश भी देती है। फिल्म में युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों की भावनाओं को विशेष रूप से दर्शाया गया है।
फिल्म के रिलीज को लेकर दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है। सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों पर आधारित यह फिल्म लोगों को एक नई सोच और प्रेरणा देने का कार्य करेगी।
राम मिलन मौर्य
प्रधान संपादक
ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र
मो.: 9454904115
Email: gramindrashti@gmail.com
Website: gramindrashti.in


