PDA भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
आजमगढ़। मंगलवार को शहर का राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने PDA भवन एवं सपा कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। “महिला आक्रोश धरना-प्रदर्शन” के तहत बड़ी संख्या में महिलाएं अनवरगंज सेहदा स्थित PDA भवन पहुंचीं और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर महिला पुलिस बल समेत भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैल सके।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां और पोस्टर लेकर विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
धरना-प्रदर्शन के चलते आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
रिपोर्ट : रघुबीर मौर्य
ब्यूरो प्रमुख, आजमगढ़
ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र




