“ऑपरेशन कनविक्शन” के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता
📍आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन कनविक्शन” अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। टावर की बैटरी चोरी के मामले में मा० न्यायालय ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए 3-3 वर्ष के कठोर कारावास तथा 5-5 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
मामला थाना जहानागंज क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जनवरी 2023 को तत्कालीन ATC टावर टेक्नीशियन अनिल यादव ने थाना जहानागंज में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संतोष सिंह पुत्र स्व० चन्द्रप्रकाश सिंह निवासी तिलहुआ थाना निजामाबाद तथा संतोष पाण्डेय पुत्र राजबहादुर पाण्डेय निवासी भुदली थाना सिधारी द्वारा टावर की बैटरियां चोरी की गई हैं।
तहरीर के आधार पर थाना जहानागंज में मु0अ0सं0 29/23 धारा 379/34, 411/34, 413/34 एवं 414/34 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना पूर्ण होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र मा० न्यायालय में प्रस्तुत किया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 5 गवाह पेश किए गए। जनपदीय पुलिस की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, मॉनिटरिंग सेल की सक्रिय निगरानी और अभियोजन की प्रभावी पैरवी के चलते एएसजे (एंटी करप्शन) न्यायालय आजमगढ़ ने 11 मई 2026 को दोनों अभियुक्तों को दोषसिद्ध पाते हुए 3-3 वर्ष के कठोर कारावास एवं 5-5 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ पुलिस की मजबूत कार्यवाही माना जा रहा है।
🖋️ रिपोर्ट : रघुबीर मौर्य, ब्यूरो प्रमुख आजमगढ़
📰 ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र


