CRPF जवान पर धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जमीन विवाद में सेवानिवृत्त ऑडिट अधिकारी पर हमला
आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी में जमीन विवाद को लेकर तनाव का मामला सामने आया है। सेवानिवृत्त ऑडिट अधिकारी श्याम बहादुर यादव ने अपने पट्टीदारों पर मारपीट, धमकी देने तथा निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए थाना अहरौला में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित श्याम बहादुर यादव के अनुसार उनके पट्टीदार त्रिवेणी यादव, ज्ञानचंद यादव, लालबिहारी यादव समेत अन्य लोग पहले से सरकारी नल के पक्के फर्श पर चहारदीवारी बनाकर कब्जा किए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह अपनी आबादी की जमीन पर शौचालय निर्माण का कार्य करा रहे थे, तब आरोपियों ने जबरन निर्माण रुकवा दिया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में तैनात त्रिवेणी यादव ने उन्हें AK-47 से गोली मारने तक की धमकी दी।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक 10 मई की सुबह करीब 10 बजे त्रिवेणी यादव अपने भाई के साथ उन पर हमला करने पहुंचे, जिससे वह किसी तरह बचकर थाने पहुंचे। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाने से लौटने के दौरान उन्हें सूचना मिली कि आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर लेट्रिन का पाइप तोड़ दिया और उनकी पत्नी विमला यादव के साथ मारपीट की। घटना में उनकी पत्नी के घायल होने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
वहीं, इस मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अहरौला थाना क्षेत्र का एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक व्यक्ति दीवार तोड़ता और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो के आधार पर थाना अध्यक्ष अहरौला को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : रघुबीर मौर्य
ब्यूरो प्रमुख, आजमगढ़
ग्रामीण दृष्टि हिंदी समाचार पत्र



