रिपोर्ट : रघुबीर मौर्य, ब्यूरो प्रमुख आजमगढ़
गंभीरपुर/आजमगढ़। पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में गंभीरपुर पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गंभीरपुर क्षेत्र के उबारपुर लखमीपुर (अमानगंज) निवासी मोहन गुप्ता उर्फ टिल्ठू पुत्र स्व. नखडू गुप्ता ने 8 मई 2026 को थाना गंभीरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते जुल्फेकार अहमद उर्फ लालू तथा जुम्मन अहमद पुत्रगण सोबरन, निवासी उबारपुर लखमीपुर ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा एवं लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार द्वारा चलाए जा रहे वांछित अभियुक्त गिरफ्तारी अभियान के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई।
11 मई 2026 को उ0नि0 चन्द्रप्रकाश कश्यप एवं कांस्टेबल सुरेश राजभर की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त जुल्फेकार अहमद उर्फ लालू पुत्र सोबरन को वाराणसी नेशनल हाईवे स्थित गोमाडीह हाईवे कट के पास से सुबह करीब 10:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। वहीं मुकदमे में नामजद दूसरा अभियुक्त जुम्मन अहमद पुत्र सोबरन अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


